Arunabh Raturi.Janswar.Com

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जताया आभार, शीतकालीन यात्रा को बताया सफल।

रुद्रप्रयाग:- जनपद रुद्रप्रयाग स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में 8 दिसंबर, 2024 से आयोजित शीतकालीन यात्रा के सफल आयोजन पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ हो रहा है। विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने बताया कि शीतकालीन यात्रा के तहत बड़ी संख्या में तीर्थयात्री भगवान केदारनाथ की शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंच रहे हैं। यात्रियों में राज्य सरकार और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। इससे स्थानीय होटल, होम स्टे और वाहन संचालकों को सीधा लाभ मिल रहा है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

विधायक आशा नौटियाल ने जिला प्रशासन और मंदिर समिति की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने ओंकारेश्वर मंदिर में यात्रियों के लिए बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं। इन प्रयासों के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि केदारघाटी के विभिन्न गांवों में पांडव लीलाओं का आयोजन किया जाता है, जिससे श्रद्धालु पांडवों के जीवन से संबंधित कहानियों का अनुभव कर सकते हैं। इसके साथ ही, तीर्थयात्री जनपद रुद्रप्रयाग के अन्य पर्यटन और तीर्थ स्थलों जैसे कार्तिक स्वामी मंदिर, ऋषि अगस्त्य मुनि मंदिर, कालीमठ और त्रियुगीनारायण मंदिर के दर्शन कर सकते हैं। शीतकालीन यात्रा के सफल आयोजन पर खुशी व्यक्त करते हुए विधायक आशा नौटियाल ने स्थानीय जनता को भी बधाई दी ।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!