एसबीआई आरसेटी में CCTV कैमरा व सुरक्षा अलार्म इंस्टॉलेशन प्रशिक्षण का शुभारंभ।

जनस्वर न्यूज | रुद्रप्रयाग:- युवाओं को तकनीकी कौशल से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), रुद्रप्रयाग ने एक नई पहल की है। बुधवार को संस्थान में 13 दिवसीय निःशुल्क सीसीटीवी कैमरा एवं सुरक्षा अलार्म इंस्टॉलेशन एवं सर्विसिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सचिन शाह, मुख्य शाखा प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक, रुद्रप्रयाग तथा संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सचिन शाह ने कहा कि वर्तमान समय में सीसीटीवी और सुरक्षा उपकरणों की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खोलते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को पूरी लगन, अनुशासन और समर्पण के साथ पूरा करने का आह्वान किया।

संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि 13 दिवसीय प्रशिक्षण में जनपद रुद्रप्रयाग के तीनों विकास खंडों से आए प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरा, सुरक्षा अलार्म, स्मोक डिटेक्टर, इंस्टॉलेशन, वायरिंग, सर्विसिंग तथा रखरखाव से जुड़ी तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।

प्रशिक्षण के दौरान आरसेटी के प्रशिक्षक भूपेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभागियों को संस्थान की कार्यप्रणाली, उद्यमिता के महत्व और प्रशिक्षण के बाद उपलब्ध स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही सभी प्रशिक्षणार्थियों से सीखे गए कौशल का बेहतर उपयोग कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का आह्वान किया।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!