ARUNABH RATURI.JANSWAR.COM

श्री केदारनाथ धाम की वर्ष 2024 की यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए यात्रा मार्ग में उपलब्ध कराई जाने वाली व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश।

रुद्रप्रयाग 28 अप्रैल 2024:- श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए तथा केदारनाथ धाम में दर्शन करने पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों को सभी सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं चाक-चैबंद हो इसके लिए जिला अधिकारी सौरभ गहरवार ने संबंधित अधिकारियों के साथ अगस्त्यमुनि से यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों का गौरीकुंड तक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिस स्तर से जो भी सुविधांए एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जानी हैं वह 10 मई से पहले पूर्ण कर ली जाएं। इसमें किसी भी तहत से कोई लापरवाही एवं शिथिलता न बरती जाए।

केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग को निर्देश दिए हैं कि सड़क मार्ग का जो भी निर्माण कार्य किया जा रहा है उस कार्य को त्वरित गति से गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संकरे मार्ग एवं जाम की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण स्थानों पर चल रहे सभी कार्य पूरे करने के साथ ही सड़क के दोनों तरफ से बोल्डर एवं झाड़ियां व गंदगी साफ करने के निर्देश राष्ट्रीय राजमार्ग एवं जिला पंचायत को दिए। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग में गिवाणी, काकड़गाड़ पुलिस बैरियर एवं कुंड पुल के समीप चिन्हित नए पार्किंग स्थलों का कार्य गुणवत्ता के साथ यात्रा से पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं पार्किंग स्थलों पर प्राथमिक सुविधाओं के साथ कियोस्क दुकानों का कार्य भी समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अतिक्रमण एवं अवैध दुकानें न लगे इसका ध्यान रखने के निर्देश भी दिए ताकि यातायात निर्बाध रूप से चलता रहे। उन्होंने घोड़े-खच्चरों एवं उनके हाॅकरों के रहने के लिए सोनप्रयाग एवं त्रियुगीनारायण मार्ग पर जीएमवीएन के समीप निर्माणाधीन शेड एवं डोरमैट्री आवास तथा घोड़े-खच्चरों की लीद का उचित निस्तारण हेतु सेफ्टिक टैंक का कार्य भी 10 मई से पूर्व गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। इसके साथ ही सभी पैराफिट एवं दीवारों का कार्य पूर्ण होने के साथ ही सभी दीवारों पर रंगाई-पुताई, वॉल पेंटिंग एवं एपण बनाने का कार्य भी तत्परता से करने के निर्देश संबंधित संस्था को दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल शुक्ला, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग निर्भय सिंह, तहसीलदार ऊखीमठ प्रदीप नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!