शिवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई ‘व्यवहार परिवर्तन पाठशाला’, कचरा पृथक्करण और प्लास्टिक मुक्त जीवन पर दिया जोर।

मुनिकीरेती/ऋषिकेश:- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को लेकर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी के दिशा-निर्देशन में बुधवार को रामझूला स्थित शिवानंद मेमोरियल पब्लिक स्कूल में ‘स्वच्छता व्यवहार परिवर्तन पाठशाला’ का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया।

कचरा प्रबंधन और डस्टबिन का महत्व:- मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती और सफाई निरीक्षक कमल चौहान के नेतृत्व में पहुंची निकाय की टीम ने विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन की बारीकियां समझाईं। टीम ने विशेष रूप से बताया कि:

  • हरा डस्टबिन: गीले कचरे (जैविक कचरा) के लिए उपयोग करें।
  • नीला डस्टबिन: सूखे कचरे (प्लास्टिक, कागज आदि) के लिए उपयोग करें।

अधिकारियों ने बच्चों को प्लास्टिक मुक्त जीवन अपनाने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखकर एक स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का संदेश दिया।
क्विज प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह:-जागरूकता सत्र के बाद निकाय टीम द्वारा एक स्वच्छता क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वच्छता से जुड़े सवालों के उत्साहपूर्वक उत्तर दिए। पालिका अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश घरों तक आसानी से पहुंचता है, जो शहर को स्वच्छ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रजनी ममगाईं, सुपरवाइजर जितेंद्र सिंह सजवाण, जयवीर सिंह नेगी, रोशनलाल, सुनीता पाल और कसरी असवाल सहित नगर पालिका की टीम और स्कूल का स्टाफ उपस्थित रहा।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!