श्यामपुर फायरिंग मामले में जेल में बंद भाई की पैरवी के लिए ऋषिकेश आया था इनामी बदमाश, पुलिस ने दबोचा।

ऋषिकेश, बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर को ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नटराज फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर दबोचा गया। उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि मोहम्मद नसीम अख्तर अपने भाई वसीम तथा अन्य साथियों के साथ बिहार में लूट और हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद फरार चल रहा था। उसका भाई वसीम वर्तमान में ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र में ग्रामीण पर फायरिंग के एक मामले में जेल में बंद है।

पुलिस के अनुसार, नसीम अपने भाई की कोर्ट में पैरवी करने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने के उद्देश्य से ऋषिकेश आया था। इस दौरान उसे पुलिस की गतिविधियों की भनक लग गई और वह ट्रेन के माध्यम से फरार होने की तैयारी में था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे नटराज फ्लाईओवर के समीप गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद नसीम अख्तर पुत्र महफूज आलम, निवासी वार्ड नंबर 06, ग्राम टोला इस्लामपुर, पोस्ट मोहनी सकरोली, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है।

ऋषिकेश पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उससे जुड़े अन्य मामलों और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!