IISM गुलमर्ग की ओर से कोटी कॉलोनी में आयोजित हुआ कोर्स, सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और ट्रॉफियां देकर किया सम्मानित।

टिहरी गढ़वाल, 09 अक्टूबर 2026 (सू.वि.)। टिहरी गढ़वाल की कोटी कॉलोनी में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (IISM), गुलमर्ग की ओर से आयोजित तीसरे वाटर स्कीइंग कोर्स का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा, एसएम, वीएसएम, एमआईडी ने सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफियां वितरित कर सम्मानित किया।

पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आने वाले इस संस्थान द्वारा इस वर्ष कुल तीन वाटर स्कीइंग कोर्स आयोजित किए गए। कोटी कॉलोनी में आयोजित यह तीसरा और अंतिम कोर्स था, जिसमें देशभर से कुल 26 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 21 युवक और पांच युवतियां शामिल थीं। कोर्स के दौरान 22 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया।

बेसिक से एडवांस स्तर तक दिया गया प्रशिक्षण

यह वाटर स्कीइंग कोर्स बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस तीनों स्तरों के लिए आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को वाटर स्कीइंग के कौशल विकसित करने और साहसिक खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिला।

समापन समारोह में प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में साहसिक पर्यटन और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान, गुलमर्ग देश में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

इस अवसर पर कोर्स इंचार्ज प्रवीन सिंह रांगर, अरविन्द राट्टूरी, शवीर भट्ट और खलील सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागी उपस्थित रहे।

प्रतिभागियों में दिल्ली से देवांश, यश, श्रीजन और बरखा; राजस्थान से राहुल, गजेंद्र और प्रशांत; मध्य प्रदेश से सहजल, प्रतीक और अंबिकेश; महाराष्ट्र से राहिल; कर्नाटक से कृष्ण; हिमाचल प्रदेश से पंकज; हरियाणा से हिमांशु, मलकीत और विक्रम तथा जम्मू-कश्मीर से राही और सलीम सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन से टिहरी में साहसिक खेलों और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!