प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण कर किसानों से की मुलाकात, अधिकारियों को जल्द नुकसान का आकलन कर राहत देने के निर्देश।
देहरादून/बाजपुर:- बाजपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण और स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, आज अपराह्न करीब 12 बजे बाजपुर क्षेत्र में अचानक भीषण ओलावृष्टि हुई, जिससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। उस समय मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही उन्होंने खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर को बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।
हेलीकॉप्टर से सर्वेक्षण के बाद खेतों में पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बाजपुर पहुंचकर प्रभावित खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर फसलों को हुए नुकसान और उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों को जल्द नुकसान का आकलन करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण कर नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। नुकसान के आकलन से लेकर राहत उपलब्ध कराने तक सभी कार्य तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किए जाएं।
किसानों के साथ खड़ी है राज्य सरकार: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया में तेजी लाने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।
