योगासनों व प्राणायाम का कराया गया अभ्यास, नशा मुक्ति की दिलाई शपथ और प्रतिभागियों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र।
मुनिकीरेती:- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पतित पावन माँ गंगा के पावन तट पर श्री गंगा गौ सेवा समिति मुनिकीरेती, हिमालयन योगपीठ मुनिकीरेती एवं फिटनेस योगा केंद्र बीस बीघा ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर योग एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गंगा गौ सेवा समिति के अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य तथा जिला बाल कल्याण समिति टिहरी के अध्यक्ष ऋषि कंडवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर फिटनेस योगा केंद्र की योग संचालिका एवं प्रशिक्षिका नीतू चौधरी ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया। उन्होंने सूक्ष्म व्यायाम के साथ-साथ मत्स्येन्द्रासन, पश्चिमोत्तानासन, वृक्षासन, चक्रासन तथा भ्रामरी, उज्जायी, अनुलोम-विलोम, शीतली और शीतकारी प्राणायाम की विस्तृत जानकारी देते हुए अभ्यास करवाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ऋषि कंडवाल, नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती की अध्यक्ष श्रीमती नीलम बिजल्वाण तथा महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का आधार बताया। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान समाज कल्याण विभाग टिहरी के अधिकारी विजय भारद्वाज ने उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा सभी प्रतिभागी योग साधकों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में गढ़वाल मंडल विकास निगम के वरिष्ठ प्रबंधक भारत भूषण कुकरेती, प्रेस क्लब मुनिकीरेती के महासचिव संजय बडोला सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, योग साधक, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
