सतपुली-पौड़ी मार्ग पर बड़ा हादसा टला, मलबा गिरने से यात्री वाहन क्षतिग्रस्त; SDRF ने छह लोगों को सुरक्षित निकाला।
पौड़ी, 2 जुलाई। सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर गुरुवार को अचानक मलबा और पत्थर गिरने से एक इनोवा यात्री वाहन उसकी चपेट में आ गया। घटना के समय वाहन में चालक सहित एक ही परिवार के छह सदस्य सवार थे। सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार, थाना सतपुली से घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली से सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया कि वाहन में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे, जो थैलीसैंण से दिल्ली जा रहे थे। यात्रियों में संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), ओजस नेगी (8), प्रशांत नेगी (13), करिश्मा नेगी (36) तथा वाहन चालक शामिल थे।
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे के बीच एसडीआरएफ टीम ने पूरी सतर्कता और दक्षता के साथ राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया।
इस बीच, एसडीआरएफ के सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की है कि लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या एसडीआरएफ को सूचना दें।
