बकाया भुगतान और चिकित्सा प्रतिपूर्ति की मांग, अगस्त में आंदोलन की चेतावनी
ऋषिकेश:- राजकीय पेंशनर्स संगठन उत्तराखंड की मासिक बैठक सोमवार को परेड ग्राउंड स्थित संघ भवन में प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र सिंह कृषाली की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव चंद्र प्रकाश ने किया। बैठक में पेंशनर्स की लंबित समस्याओं, विशेषकर गोल्डन कार्ड योजना और चिकित्सा प्रतिपूर्ति के मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक में पेंशनर्स ने आरोप लगाया कि वर्षों से उनकी एक भी प्रमुख समस्या का समाधान नहीं हुआ है। गोल्डन कार्ड के लिए हर माह अंशदान की कटौती होने के बावजूद चिन्हित अस्पतालों में उपचार की सुविधा नहीं मिल रही है। संगठन ने सरकार से हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट, कैलाश अस्पताल, ग्राफिक एरा अस्पताल सहित अन्य सूचीबद्ध अस्पतालों का लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की, ताकि पेंशनर्स को पहले की तरह स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
संगठन ने 10 अक्टूबर 2025 के बाद लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति (मेडिकल रिइम्बर्समेंट) के सभी बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। चेतावनी दी गई कि यदि अगस्त 2026 के प्रथम सप्ताह तक भुगतान नहीं हुआ तो राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण, आईटी पार्क, देहरादून में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में यह भी मांग उठाई गई कि गोल्डन कार्ड योजना के प्रभावी संचालन और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए प्रत्येक सूचीबद्ध अस्पताल में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए। साथ ही स्थानीय स्तर पर संगठन के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी रखने वाले एक प्रतिनिधि को भी व्यवस्था से जोड़ा जाए।
पेंशनर्स संगठन ने कहा कि प्रदेश के लगभग 35 हजार पेंशनर्स अब भी गोल्डन कार्ड योजना से वंचित हैं। इस संबंध में कई वर्षों से सरकार को पत्र लिखे जा रहे हैं, लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया गया, जिससे पेंशनर्स में गहरा आक्रोश है। संगठन ने सरकार से इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
बैठक में संगठन विस्तार पर भी जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर में शाखाओं और उपशाखाओं के गठन की प्रक्रिया तेज की जाएगी, निष्क्रिय इकाइयों का पुनर्गठन किया जाएगा तथा अधिक से अधिक पेंशनर्स को संगठन से जोड़कर इसे मजबूत बनाया जाएगा।
इसके अलावा, 31 जुलाई 2026 को सुबह 10:30 बजे परेड ग्राउंड स्थित संघ भवन में संगठन के दिवंगत पदाधिकारियों और सदस्यों की स्मृति में “स्नेहिल स्मृति दिवस” मनाने का भी निर्णय लिया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पेंशनर्स के शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक में आर.एस. परिहार, कुसुम शर्मा, मोहन सिंह रावत, चंद्र मोहन उनियाल, जबर सिंह पंवार, हृदय राम सेमवाल, खुशीराम कुकरेती, जगदीश प्रसाद रतूड़ी, राजेंद्र गुसाईं, सतीश चंद्र, प्रेम चंद, बचनी रावत, वी.पी. कंडवाल, भगत सिंह पुंडीर, उमेशचंद्र डोभाल, वी.पी. सकलानी, सौकार सिंह असवाल, ओ.पी. जुझेलिया, विजय सिंह रावत, आर. कुलश्रेष्ठ, सैयद राहत अली, मनोहर लाल सड़ाना, रवींद्र आर्य, वी.के. राजपूत सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।
