नामांकन से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में होगी संपन्न।
जनस्वर न्यूज़ | पौड़ी:- पौड़ी जनपद की 1163 ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के लिए 15 जुलाई 2026 को चुनाव कराए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया एक ही दिन संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10:00 से 11:00 बजे तक नामांकन, 11:00 से 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच, 12:00 से 12:30 बजे तक नाम वापसी, 12:30 से 1:00 बजे तक चुनाव चिह्न आवंटन, दोपहर 1:30 से 3:30 बजे तक मतदान तथा शाम 4:00 बजे से मतगणना शुरू होगी, जो परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील भी की है।
जनपद की कुल 1166 ग्राम पंचायतों में से 1163 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे। शेष 3 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद रिक्त होने के कारण पहले प्रधान पद का चुनाव कराया जाएगा, जिसके बाद वहां उप प्रधान एवं पंचायत सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
