नमस्ते योजना: मुनिकीरेती-ढालवाला में पर्यावरण मित्रों को बांटी गई पीपीई किट। WWW.JANSWAR.COM

सुरक्षा को प्राथमिकता: सेप्टिक टैंक, सीवर सफाई कर्मियों और कूड़ा बीनने वालों को दिए गए सुरक्षा उपकरण।

मुनिकीरेती-ढालवाला:- भारत सरकार की ‘नमस्ते योजना’ के तहत ‘नमस्ते दिवस’ के विशेष अवसर पर नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पालिका प्रशासन ने सेप्टिक टैंक, सीवर से जुड़े जोखिम भरे कार्यों को करने वाले कर्मियों और कूड़ा बीनने वाले पर्यावरण मित्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) किट व अन्य सुरक्षा उपकरण वितरित किए।

यह कार्यक्रम पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी (ईओ) बद्री प्रसाद भट्ट के सख्त दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित किया गया।

अधिशासी अधिकारी ने स्वयं बांटी पीपीई किट:- आयोजित कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत काम करने वाले सभी संबंधित पर्यावरण मित्रों को पीपीई किट और सुरक्षा उपकरण प्रदान किए। उन्होंने सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।

उपकरणों के सही इस्तेमाल की दी गई ट्रेनिंग:- इस दौरान सिर्फ किट ही नहीं बांटी गई, बल्कि कर्मचारियों को इसके इस्तेमाल को लेकर जागरूक भी किया गया। मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती और सफाई निरीक्षक कमल चौहान ने मौके पर मौजूद पर्यावरण मित्रों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं:

  • पीपीई किट पहनने और उतारने का सही तरीका।
  • सेप्टिक टैंक और सीवर में उतरते समय बरती जाने वाली सावधानियां।
  • भारत सरकार की ‘नमस्ते योजना’ के उद्देश्य और इससे मिलने वाले लाभ।

नगर पालिका के इस कदम से सफाई कर्मियों में उत्साह है और इससे सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है।