प्रकृति संरक्षण के संकल्प के साथ कांग्रेस ने मनाया हरेला, वितरित किए औषधीय पौधे WWW.JANSWAR.COM

हरेला पर्व पर कांग्रेसियों ने औषधीय पौधे वितरित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

कोटद्वार/16 जुलाई 2026।
हरेला पर्व के अवसर पर गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने औषधीय पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हरेला पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपरा, प्रकृति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराता है और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वक्ताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान और व्यापक जनभागीदारी दिलाने के उद्देश्य से हरेला पर्व को प्रदेशव्यापी स्तर पर विशेष महत्व प्रदान किया। उन्होंने प्रदेश की जनता, सरकारी कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को इस पर्व के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, जिससे हरेला पर्व को एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप मिला।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे हरेला पर्व की भावना को अपनाते हुए अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान दें।

इस अवसर पर कांग्रेस की पूर्व मेयर प्रत्याशी रंजना रावत, नरेन्द्र प्रधान, बलबीर सिंह रावत (पूर्व जिला उपाध्यक्ष), सुरेन्द्र सिंह गुसाईं (पूर्व अध्यक्ष, दुग्ध विकास समिति), राजीव जखमोला (ब्लॉक अध्यक्ष, दुगड्डा), अनिल रतूड़ी (ब्लॉक अध्यक्ष, यमकेश्वर), परमानंद (बीएलए), चंद्रमोहन सिंह रावत, विजय नेगी (पूर्व जिला सचिव), जावेद हुसैन (प्रदेश सचिव, सोशल मीडिया), सनोज रावत, त्रिलोक सिंह, भानुप्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।