परिजनों की सोशल मीडिया पर गुहार का मुख्यमंत्री ने लिया स्वतः संज्ञान, फोन पर की बात।

चमोली:- नीति घाटी में भारी बारिश के चलते उफान पर आए तमक नाले में लापता हुए BRO के हवलदार पंकज की तलाश को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीरता दिखाई है। हवलदार पंकज के परिजनों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की गुहार लगाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे खोज एवं बचाव अभियान पर लगातार नजर रखी जाए तथा अभियान में हरसंभव तेजी लाई जाए। हवलदार की तलाश में सेना, BRO, ITBP, पुलिस, जिला प्रशासन, NDRF और SDRF की टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

हवलदार पंकज पिथौरागढ़ के निवासी हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से संवाद कर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी परिवार से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और खोज अभियान की प्रगति की निरंतर जानकारी ली जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवलदार पंकज के परिजनों से दूरभाष पर वार्ता कर उनका हाल जाना और उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं तथा परिवार को हर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और हवलदार पंकज की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!