बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व करने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, स्थानीय लोगों ने डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का किया भव्य स्वागत।

ऋषिकेश:-  उत्तराखंड सरकार द्वारा बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर बसे लोगों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने पर स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में बसे लोगों की भूमि को नियमित (रेगुलराइज) करने के लिए नीति तैयार करने हेतु उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई है।

कैबिनेट के इस फैसले से उत्साहित बापूग्राम के स्थानीय लोगों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया। लोगों ने इस निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से रह रहे हजारों परिवारों की समस्या के समाधान के लिए वह लगातार प्रयास करते रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने समय-समय पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर समस्या के स्थायी समाधान का आग्रह किया। इसके अलावा मुख्य सचिव सहित शासन के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय क्षेत्र के हजारों परिवारों के लिए आशा और विश्वास की नई किरण लेकर आया है। वर्षों से अपने घरों में रह रहे लोगों को राहत दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को स्थायी समाधान मिलने तक उनका प्रयास जारी रहेगा।

डॉ. अग्रवाल ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता के साथ बापूग्राम सहित अन्य क्षेत्रों के लोगों की भावनाओं और समस्याओं को समझते हुए सकारात्मक पहल की है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पार्षद हर्षवर्धन रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद सिंह रावत, राहुल कश्यप, पूर्व पार्षद अनीता प्रधान, पार्षद पूनम डोभाल, पिंकी धस्माना, निर्मला उनियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!