देहरादून में युवाओं के लिए रोजगारपरक प्रशिक्षण का अवसर, 650 से अधिक सीटों पर मिलेगा निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण।

देहरादून:-  उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन की ओर से प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत 15 से 45 वर्ष तक के युवक-युवतियों को हॉस्पिटैलिटी, तकनीकी एवं सप्लाई चेन क्षेत्र में तीन से चार माह का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना के तहत देहरादून के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में 650 से अधिक सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) में हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 तथा फूड एंड बेवरेज असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वहीं, सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 12वीं पास एवं आईटीआई योग्यताधारी युवक-युवतियों के लिए सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) और असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के 40-40 सीटों के बैच संचालित किए जाएंगे। इसके अलावा दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास 100 छात्र-छात्राओं को सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के माध्यम से युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को प्लेसमेंट में भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की व्यवस्था भी की गई है।

पंजीकरण एवं संपर्क विवरण:- हॉस्पिटैलिटी कोर्स: 9410394201.सप्लाई चेन कोर्स: 7618222334.तकनीकी कोर्स: 9870835117

राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को हुनरमंद बनाकर उनके लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!