वियतनाम में गूंजा देवभूमि का नाम, स्वामी सुनील भगत जी को मिला ‘योग रत्न अवॉर्ड’। WWW.JANSWAR.COM

उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक क्षण अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका देवभूमि का नाम, ऋषिकेश के स्वामी सुनील भगत जी वियतनाम में ‘योग रत्न अवॉर्ड’ से सम्मानित।

ऋषिकेश/हनोई। भारत की सनातन संस्कृति, योग और आध्यात्मिक परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। ऋषिकेश स्थित स्वामीनारायण आश्रम के परमाध्यक्ष ऋषिराज स्वामी सुनील भगत जी को वियतनाम की राजधानी हनोई में आयोजित एक भव्य अंतरराष्ट्रीय समारोह में प्रतिष्ठित ‘योग रत्न अवॉर्ड’ (Yoga Ratna Award) से सम्मानित किया गया।

स्वामी सुनील भगत जी को यह सम्मान योग, अध्यात्म, मानवीय मूल्यों तथा भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार-प्रसार में उनके निरंतर योगदान के लिए प्रदान किया गया।

बताया गया है कि समारोह के दौरान यह प्रतिष्ठित सम्मान वियतनाम के खेल मंत्री वू चोंग लोई (Wu Chong Loi) द्वारा स्वामी जी को प्रदान किया गया।

स्वामी सुनील भगत जी को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से ऋषिकेश और उत्तराखंड का नाम वैश्विक मंच पर गौरवान्वित हुआ है। यह उपलब्धि योग और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को विश्व स्तर पर पहुंचाने के प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

देवभूमि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का क्षण है।