मुनिकीरेती-ढालवाला:- सेवा निवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन मुनिकीरेती-ढालवाला की मासिक बैठक बुधवार को पेंशनर्स भवन ढालवाला में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष शूरवीर सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन सचिव भगवती प्रसाद उनियाल ने किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए शूरवीर सिंह चौहान ने शासन से गोल्डन कार्ड योजना के तहत ओपीडी सुविधा निःशुल्क किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ओपीडी सुविधा उपलब्ध होने से पेंशनर्स को छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अनावश्यक रूप से अस्पताल में भर्ती होने के लिए बाध्य नहीं होना पड़ेगा।
संगठन के कोषाध्यक्ष जबर सिंह पंवार ने प्रदेश के सभी छोटे-बड़े अस्पतालों में गोल्डन कार्ड योजना लागू किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट समेत अन्य अस्पतालों का लंबित भुगतान शीघ्र किया जाए, ताकि पेंशनर्स को पूर्व की भांति स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारू रूप से मिल सकें।
उन्होंने बताया कि करीब 35 हजार पेंशनर्स गोल्डन कार्ड योजना से वंचित हैं और दोबारा योजना से जुड़ना चाहते हैं। संगठन ने मांग की कि ऐसे पेंशनर्स को पुनः गोल्डन कार्ड योजना से जुड़ने के लिए एक और अवसर प्रदान किया जाए।
सचिव भगवती प्रसाद उनियाल ने एम्स ऋषिकेश में उत्तराखंड के पेंशनर्स के लिए अलग काउंटर खोले जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे पेंशनर्स को उपचार एवं पंजीकरण संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी।
इन्द्रमणि नौटियाल की सहायता के लिए जुटाई धनराशि
बैठक के दौरान विदेश में जेल में बंद इन्द्रमणि नौटियाल की सहायता के लिए संगठन के सदस्यों ने धनराशि एकत्र की। एकत्रित धनराशि उनके परिवार को प्रेषित की जाएगी।
नए सदस्यों का किया स्वागत
इस अवसर पर हरिश्चन्द्र डंगवाल, विनोद द्विवेदी एवं लक्ष्मीप्रसाद उनियाल ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।
बैठक में शीला रतूड़ी, उमा ड्यूडी, प्रेमवती पाण्डेय, पुष्पा उनियाल, लक्ष्मी बिष्ट, धीरज बाला शर्मा, खुशहाल सिंह राणा, गोपाल दत्त खण्डूड़ी, देवेंद्र दत्त जोशी, भोला सिंह बिष्ट, शिव दयाल उनियाल, प्रेम बहादुर थापा, अनूप कुमार जोशी, राममोहन नौटियाल, ज्योति कुकरेती, जितेंद्र कण्डारी, दिगम्बर प्रसाद बेदवाल, जयपाल सिंह नेगी, विशालमणि पैन्यूली, मोहन सिंह रावत, भगवान सिंह सुरियाल, जनार्दन प्रसाद उनियाल, लक्ष्मीप्रसाद रतूड़ी, शंकर दत्त पैन्यूली, कन्हैया लाल सेमवाल, कैलाश चन्द्र पैन्यूली, प्रेमदत्त डिमरी, सोहन सिंह राणा, सत्येन्द्र सिंह रावत, दरमियान सिंह जेठूड़ी, कृष्ण कुमार वर्मा, राम प्रसाद रयाल, अरविन्द तोमर, हंसलाल असवाल, गोरा सिंह पोखरियाल, प्रेम सिंह मस्तवाल आदि उपस्थित रहे।
