क्लेमेनटाउन में सनसनी, प्लॉट के कमरे से मिला 26 वर्षीय महिला का शव; कई दिनों से चल रहा था दंपती में विवाद।
देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने की सूचना खुद पुलिस को दी और इसके बाद मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाश शुरू की तो एक प्लॉट के अंदर बने कमरे से 26 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। महिला की पहचान काजल पत्नी धीरज पंवार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह करीब छह बजे कंट्रोल रूम में धीरज पंवार नाम के व्यक्ति ने फोन कर दावा किया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्लेमेनटाउन पुलिस ने तत्काल कॉल करने वाले से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने फोन की लोकेशन के आधार पर संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की।
स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस एक प्लॉट के अंदर बने कमरे तक पहुंची। कमरे में काजल मृत अवस्था में मिली। प्रथम दृष्टया महिला की मौत गोली लगने से होना बताया जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
कई दिनों से पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रहती थी। काजल के भाई अभिषेक का घर भी उसके घर के पास ही है। अभिषेक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन और जीजा के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच सोमवार सुबह काजल की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना सामने आई।
भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर धीरज पंवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
काजल मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा शकरपुर की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
