सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यापक स्तर पर होगा आयोजन, तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश

देहरादून। “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत प्रदेशभर में आयोजित होने वाले “आंगन का मिलन” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को विकास भवन सभागार, देहरादून में विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद हरिद्वार एवं बागेश्वर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद देहरादून में 1,907, हरिद्वार में 3,179 तथा बागेश्वर में 834 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन सभी केंद्रों पर “आंगन का मिलन” कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा।

आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो : रेखा आर्या

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं और आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा व्यवधान न हो। उन्होंने कहा कि “आंगन का मिलन” को केवल एक कार्यक्रम के रूप में न लेकर जनसेवा के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में लिया जाए। इसके माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं, बच्चों एवं बालिकाओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कार्यक्रम में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने को कहा।

आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के साथ बच्चों को मिल रहा बेहतर वातावरण : रेखा आर्या

विभागीय मंत्री ने कहा कि अभियान के दौरान सराहनीय कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे उत्कृष्ट कार्य करने वाली कर्मियों का उत्साहवर्धन होगा और अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, शिशुओं एवं बालिकाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के साथ-साथ बच्चों को बेहतर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार प्रतिबद्ध है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव शाह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार, जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती मीना बिष्ट, महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती हिमानी वैष्णव, जिलाध्यक्ष श्रीमती मीता सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!