13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन, मुख्यमंत्री धामी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश।
देहरादून:- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय, देहरादून में आयोजित होने वाले तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सम्मेलन का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी देश और दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं उपलब्धियों से प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। राज्य के विकास में उनके अनुभव, विशेषज्ञता और सुझाव महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रवासी उत्तराखण्डियों को अपनी जड़ों से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सम्मेलन में प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करने तथा उनके सुझावों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रवासियों को राज्य में निवेश, स्वरोजगार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य क्षेत्रों में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने सम्मेलन में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत की प्रभावी झलक प्रस्तुत करने पर भी जोर दिया। साथ ही आयोजन स्थल पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, सुरक्षा, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि सम्मेलन का आयोजन 13 नवंबर को दून विश्वविद्यालय के डॉ. नित्यानन्द ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसमें विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रवासी उत्तराखण्डियों की भूमिका एवं उपलब्धियों पर चर्चा होगी। सम्मेलन में ‘विकसित उत्तराखण्ड में प्रवासियों की भूमिका’ विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा ‘हौसलों की उड़ान : उत्तराखण्ड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ विषय पर भी संवाद होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य केवल प्रवासी उत्तराखण्डियों को एक मंच पर एकत्रित करना नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास के साथ उनका स्थायी और भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सम्मेलन को सार्थक एवं परिणामोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु एवं श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, उत्तराखण्ड प्रवासी परिषद के उपाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव श्री शैलेश बगौली सहित शासन, प्रशासन एवं दून विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
