देहरादून, 26 सितंबर। सर्दियों के दौरान उत्तराखंड में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए केंद्र सरकार ने केंद्रीय क्षेत्र के विद्युत उत्पादन केंद्रों के अनआवंटित पूल से राज्य के लिए अतिरिक्त बिजली आवंटित करने की मंजूरी दी है। उत्तराखंड को अक्टूबर 2026 से मार्च 2027 तक इस अतिरिक्त बिजली का लाभ मिलेगा।

केंद्र सरकार के आदेश के अनुसार अक्टूबर में 5 मेगावाट, नवंबर में 8 मेगावाट, दिसंबर में 16 मेगावाट, जनवरी 2027 में 19 मेगावाट, फरवरी में 16 मेगावाट और मार्च में 9 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित की गई है। इस तरह छह माह की अवधि में राज्य को कुल 73 मेगावाट अतिरिक्त बिजली मिलेगी। यह व्यवस्था 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की सर्दियों में बढ़ने वाली बिजली की आवश्यकता को देखते हुए अतिरिक्त बिजली आवंटित किए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय पूल से अतिरिक्त बिजली मिलने से सर्दियों के दौरान प्रदेश की बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी तथा राज्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में यह आवंटन महत्वपूर्ण साबित होगा।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!