गेस्ट हाउस में चार विद्यार्थियों के साथ शराब पीने का आरोप, पुलिस ने की कार्रवाई; अभिभावकों में चिंता।

झूलाघाट :- अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज झूलाघाट में इंटरमीडिएट स्तर पर आईटी विषय के गेस्ट टीचर के रूप में कार्यरत अजय सिंह पर चार विद्यार्थियों के साथ गेस्ट हाउस में शराब का सेवन करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद झूलाघाट पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को जामिरपानी में सड़क बंद होने के कारण गेस्ट टीचर झूलाघाट में ही रुके थे। आरोप है कि रात के समय उन्होंने अपने चार विद्यार्थियों को गेस्ट हाउस में बुलाया, जहां कथित तौर पर सभी ने शराब का सेवन किया।

अभिभावकों को हुआ शक, गेस्ट हाउस पहुंचे: विद्यार्थियों के गेस्ट हाउस जाने की जानकारी मिलने पर उनके अभिभावकों को शक हुआ। वे गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां शिक्षक और विद्यार्थियों को कथित रूप से शराब का सेवन करते हुए देखा गया।

इसके बाद स्थानीय लोगों के बीच मामला चर्चा में आने पर शिवांशु महर ने झूलाघाट पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल संजीव कुमार ने एएसआई संतोष खड़ायत को मौके पर भेजा। पुलिस शिक्षक को थाने ले गई।

BNS की धारा 172 के तहत मुकदमा:- पुलिस के अनुसार, गेस्ट टीचर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 172 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शिक्षक को रातभर थाने में रखा गया और मंगलवार को दो निजी मुचलकों पर कुल 20 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा किया गया।

पुलिस के मुताबिक, शिक्षक से माफीनामा भी लिया गया और भविष्य में इस तरह का कृत्य नहीं करने की बात कही गई।

विद्यालय प्रशासन से संपर्क का प्रयास:- मामले में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज झूलाघाट के प्रभारी प्रधानाचार्य राकेश चौहान का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला।

अभिभावकों में चिंता का माहौल:- घटना की जानकारी सामने आने के बाद विद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी मामले पर चिंता जताते हुए विद्यालय परिसर और विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं अनुशासन को लेकर सवाल उठाए हैं।

शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और संबंधित कानूनी/विभागीय कार्रवाई के परिणाम के आधार पर होगी।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!