ऋषिकेश :- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचे ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सत्याग्रह के माध्यम से देश को स्वतंत्रता के मार्ग पर आगे बढ़ाया। उनके विचार आज भी पूरी मानवता को शांति, सद्भाव और सेवा का संदेश देते हैं। गांधी जी का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि समाज और राष्ट्र के हित में सकारात्मक सोच के साथ निरंतर कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका उद्घोष देश के अन्नदाता और सीमा पर राष्ट्र की रक्षा करने वाले जवानों के प्रति उनके सम्मान को दर्शाता है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि दोनों महान विभूतियों का जीवन हमें राष्ट्रसेवा, स्वावलंबन, अनुशासन, त्याग और जनकल्याण की प्रेरणा देता है। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को केवल स्मरण तक सीमित न रखें, बल्कि अपने दैनिक जीवन और सामाजिक कार्यों में भी आत्मसात करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में गांधी जी के स्वच्छता एवं आत्मनिर्भरता के विचार और शास्त्री जी की राष्ट्रनिष्ठा हमारे लिए मार्गदर्शक हैं।
इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
