जाणता राजा के भव्य नाट्यक्रम का पोस्टर लॉन्च, 22 से 28 अक्टूबर तक गाजियाबाद में होगा आयोजन।
ऋषिकेश:- दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार द्वारा गाजियाबाद में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत गाथा पर आधारित भव्य नाट्यक्रम ‘जाणता राजा’ का आयोजन आगामी 22 से 28 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसी क्रम में नाट्यक्रम के संयोजक डॉ. आशीष गौतम ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल की उपस्थिति में उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में कार्यक्रम का पोस्टर लॉन्च किया।
इस अवसर पर डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि ‘जाणता राजा’ विश्व के सबसे बड़े नाट्य मंचों में से एक होगा, जिसमें लगभग 300 कलाकार अपनी अदाकारी के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, शौर्य, सुशासन और राष्ट्रभक्ति की गाथा को जीवंत करेंगे। नाट्य मंचन के दौरान उस कालखंड में प्रयुक्त होने वाले ऊंट, घोड़े, भव्य महल, किले सहित विभिन्न ऐतिहासिक दृश्यों का भी चित्रण किया जाएगा, जिससे दर्शकों को इतिहास को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन के विभिन्न दिनों में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अनेक केंद्रीय मंत्री एवं गणमान्य अतिथि भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, राष्ट्रभक्ति, सुशासन और मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। ‘जाणता राजा’ जैसे भव्य नाट्यक्रम के माध्यम से युवा पीढ़ी को हमारे गौरवशाली इतिहास और महान राष्ट्रनायकों के जीवन से परिचित कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।
डॉ. अग्रवाल ने विशेष रूप से 27 अक्टूबर को ‘उत्तराखंड की बारी’ के अवसर पर उत्तराखंडवासियों से अधिक से अधिक संख्या में गाजियाबाद पहुंचकर इस ऐतिहासिक एवं भव्य नाट्यक्रम को देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनीता राणा, पूर्व प्रधान दीपा राणा, रायवाला महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष बिना बंगवाल, रमा कुखशाल, पूनम व्यास, अजय साहू, राकेश डंगवाल, सुरेश कुखशाल, राघवेंद्र भटनागर, ग्राम प्रधान शैलेंद्र रांगड़, सुप्रिया शर्मा, खुशबू बाजवा, विनीत शर्मा, पूजा गौड़, लक्ष्मी जुगलान, गोविंद मेहर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
