15 दिन में सुधार की मांग, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी।

ऋषिकेश:- राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस, ऋषिकेश विधानसभा के पदाधिकारियों ने सोमवार को चिकित्सा अधीक्षक, एसपीएस राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश को ज्ञापन सौंपा।

ऋषिकेश विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में अस्पताल में चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की कमी, ICU में पर्याप्त मानव संसाधन का अभाव, OPD और बिलिंग काउंटर पर मरीजों की भीड़, दवा वितरण व्यवस्था, जांच सुविधाओं तथा 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

युवा कांग्रेस ने अस्पताल प्रशासन से 11 प्रमुख मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, ICU में पर्याप्त डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ की व्यवस्था, 24×7 आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करना, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे की नियमित सुविधा, OPD और बिलिंग काउंटर पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, पैथोलॉजी जांच की बेहतर सुविधा तथा महिला एवं स्त्री रोग सेवाओं में सुधार शामिल हैं।

इसके अलावा अस्पताल में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और मरीजों एवं तीमारदारों के लिए बेहतर प्रतीक्षालय उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

15 दिन का अल्टीमेटम

युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को 15 दिन का समय देते हुए कहा कि इस अवधि में यदि स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में ठोस सुधार नहीं किया गया तो भारतीय युवा कांग्रेस, ऋषिकेश द्वारा चरणबद्ध आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।

ज्ञापन देने वालों में रवि थापा (विधानसभा अध्यक्ष), सौरव वर्मा (पूर्व प्रदेश सचिव), विशाल स्नेह (जिला उपाध्यक्ष), हिमांशु कश्यप (ब्लॉक अध्यक्ष), निशांत बागरी, अभिषेक बंसल और आशीष चौहान (विधानसभा उपाध्यक्ष), मनीष राजभर, जतिन चौधरी, विनीत सेमल्टी और सागर कोयल (विधानसभा महासचिव), अभिषेक राम (विधानसभा सचिव) सहित सिद्धार्थ सिंह, राहुल सहानी और अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!