हरिद्वार में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, चेन स्नैचर के पैर में लगी गोली।
हरिद्वार: हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली पुलिस की टीम ने चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल आरोपी को पकड़ने के लिए खड़खड़ी क्षेत्र में घेराबंदी की थी। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान दिल्ली के सुलतानपुरी निवासी नरेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह हरिद्वार में हुई चेन स्नेचिंग की दो वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास और हरिद्वार में हुई अन्य घटनाओं से उसके संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
मुठभेड़ के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान घायल आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह पुलिस से रहम की गुहार लगाते हुए “माफ कर दो साहब, गलती हो गई” कहता नजर आ रहा है।
मुठभेड़ में गिरफ्तार अभियुक्त:- नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज पुत्र कन्हैया, निवासी B-4/409, निकट साईं मंदिर, सुल्तानपुरी, दिल्ली, उम्र 22 वर्ष।
फरार अभियुक्त:- दिनेश पुत्र गोमा राम, निवासी B-4/305, सुल्तानपुरी, दिल्ली।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
