Waves Film Bazaar में ‘Destination Uttarakhand’ पर विशेष पैनल डिस्कशन, फिल्मकारों को 3 करोड़ रुपये तक सब्सिडी और सिंगल विंडो सुविधा की दी जानकारी।

देहरादून:- 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के अंतर्गत आयोजित Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स को लेकर विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया। ‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

पैनल डिस्कशन में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

इस अवसर पर संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और प्रदेश को प्रमुख शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने बताया कि फिल्म नीति के तहत निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इसके साथ ही सिंगल विंडो व्यवस्था और सरल शूटिंग अनुमति प्रक्रिया के माध्यम से फिल्मकारों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हिमालयी प्राकृतिक दृश्य, नदियां, पर्वतीय स्थल, ऐतिहासिक एवं विरासत भवन और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्मकारों को शूटिंग के लिए आकर्षित करती हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित गढ़वाल एवं कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं।

चौहान ने बताया कि फिल्म नीति का प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी है। इसके माध्यम से स्थानीय कलाकारों एवं तकनीशियनों को अवसर देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने कमीशन किया था। उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और यहां फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में एक मजबूत फिल्म इकोसिस्टम विकसित करने की जरूरत है, जिससे अधिक से अधिक फिल्मकार यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हों।

वहीं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने उत्तराखंड में अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है। फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन तलाशने के उद्देश्य से वह 17 बार प्रदेश आए। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया।

इस पैनल डिस्कशन के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, सब्सिडी, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया। साथ ही फिल्म निर्माण गतिविधियों से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने तथा होटल, परिवहन, आतिथ्य और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को प्रोत्साहन मिलने की संभावनाओं पर भी जोर दिया गया।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!