गगवाड़स्यूं घाटी में आस्था और लोक संस्कृति का संगम, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किए देवलेश्वर महादेव के दर्शन।

पौड़ी:-  गगवाड़स्यूं घाटी के बलोड़ी स्थित सिद्धपीठ देवलेश्वर महादेव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर आयोजित मेले में आस्था, लोक संस्कृति और पौराणिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में घाटी के 34 से अधिक गांवों के श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान देवलेश्वर महादेव के दर्शन किए। इस अवसर पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने भी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

वर्ष 2016 में शुरू हुआ यह धार्मिक आयोजन इस वर्ष अपने 11वें पड़ाव पर पहुंच गया। मेले में स्थानीय लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया और अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न भी भेंट किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि किसी क्षेत्र की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से होती है। देवलेश्वर महादेव मंदिर इस क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अन्य क्षेत्रों के लोग भी यहां पहुंचकर स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं से परिचित हो सकें।

जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्ष उनके द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप यहां स्थायी मंच सहित अन्य सुविधाओं का विकास किया गया है। मंदिर की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को देखते हुए भविष्य में भी इसके विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे।

मंदिर समिति के सदस्य जगत किशोर बड़थ्वाल ने बताया कि पिछले वर्ष दिए गए सुझावों के क्रम में मंदिर परिसर में देवपथ, टीनशेड, हॉल, मंच और परिक्रमा पथ का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा मंदिर के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक शिल्प शैली को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य किए गए हैं। मंदिर के इतिहास, स्थापत्य कला और धार्मिक विरासत की जानकारी देने वाले सूचना-पट्ट भी स्थापित किए गए हैं।

मेले का प्रमुख आकर्षण कृष्णानंद नौटियाल के नेतृत्व में प्रस्तुत ‘कमलव्यूह’ नाट्य मंचन रहा। महाभारत के पौराणिक प्रसंग पर आधारित इस प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों के शानदार अभिनय और जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को महाभारत काल के घटनाक्रम से जोड़ दिया। मंचन के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर तहसीलदार राजेंद्र सिंह गोस्वामी, ग्राम प्रधान बलोड़ी पूजा देवी, मंदिर समिति अध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार राजेंद्र सिंह राणा, मुख्य पुजारी सुधीर बड़थ्वाल, प्रमोद मंद्रवाल, नागेंद्र जुगराण, सत्यभामा जुगराण, गोपाल ममगाईं, केसर सिंह कठैत, विक्रम सिंह रावत, उत्तर रावत, दौलत रावत, यशवंत थपलियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक और श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!