होटल की नौकरी छोड़ गांव लौटे राजेश सजवाण, सेब की बागवानी से सालाना कमा रहे 8 से 10 लाख रुपये।

टिहरी:- पहाड़ों में रोजगार के सीमित अवसरों के चलते कभी आजीविका की तलाश में गांव छोड़कर शहर जाने वाले जौनपुर विकासखंड के ग्राम मीरीया, पट्टी लालूर निवासी राजेश सजवाण आज स्वरोजगार की प्रेरणादायक मिसाल बन गए हैं। होटल में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले राजेश ने उत्तराखंड सरकार की एप्पल मिशन योजना का लाभ उठाकर गांव में ही सेब की बागवानी शुरू की। आज वह न केवल सालाना 8 से 10 लाख रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं, बल्कि गांव के 8 से 10 लोगों को रोजगार भी उपलब्ध करा रहे हैं।

राजेश सजवाण ने वर्ष 2021-22 में एप्पल मिशन योजना के तहत 500 सेब के पौधे लगाए। इसके बाद वर्ष 2023-24 में 500 और पौधों का रोपण किया। इस तरह उन्होंने कुल 1000 सेब के पौधों से बागवानी की शुरुआत की। योजना के तहत उन्हें सरकार की ओर से 80 प्रतिशत अनुदान मिला, जबकि शेष 20 प्रतिशत धनराशि उन्होंने स्वयं लगाई। शुरुआत में क्षेत्र के लोगों को पहाड़ में सेब की बागवानी सफल होने को लेकर संदेह था, लेकिन राजेश ने मेहनत और लगन से अपने प्रयास जारी रखे।

आज राजेश की मेहनत रंग ला रही है। उनकी सफलता से प्रेरित होकर आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक सेब के बगीचे विकसित हो चुके हैं। उनकी बागवानी से स्थानीय लोगों को भी गांव में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। इससे ग्रामीणों को आजीविका के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करने की मजबूरी कम हो रही है।

राजेश के सामने शुरुआत में सिंचाई के पानी की समस्या भी बड़ी चुनौती थी। गांव और आसपास के खेतों में पानी की कमी को देखते हुए उन्होंने लघु सिंचाई विभाग और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप स्थापित कराया। इससे खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचने लगा। अब जिन खेतों में पानी के अभाव में खेती करना मुश्किल था, वहां मटर, शिमला मिर्च और टमाटर सहित विभिन्न सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। इससे किसानों को खेती के नए विकल्प मिले हैं और बारिश पर निर्भरता भी कम हुई है।

जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल ने बताया कि जनपद में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत एमएम-111 एवं एम-9 प्रजाति के सेब के पौधों का निर्धारित मानकों के अनुसार रोपण कराया जाता है। पात्र किसानों को अनुदान के साथ तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और उद्यान विभाग के प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक बागवानी को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित हो रहे हैं।

राजेश सजवाण का कहना है कि शुरुआत में लोगों को लगता था कि उनके क्षेत्र में सेब की बागवानी संभव नहीं है, लेकिन आज इसके सकारात्मक परिणाम सामने हैं। सरकार से मिले अनुदान और सिंचाई की सुविधा ने उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पहाड़ के युवाओं से अपनी जमीन और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर कृषि एवं बागवानी को स्वरोजगार के रूप में अपनाने की अपील की।

राजेश सजवाण की यह सफलता साबित करती है कि सरकारी योजनाओं का सही उपयोग, मेहनत और दृढ़ संकल्प हो तो पहाड़ में भी रोजगार के बेहतर अवसर विकसित किए जा सकते हैं। उनकी पहल न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही है, बल्कि पलायन रोकने और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रेरणा बन रही है।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!