ऋषिकेश:- सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित 66वें श्री रामलीला आयोजन का गत रात्रि शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर दीप प्रज्वलित कर रामलीला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों का स्मरण करते हुए सभी को रामलीला आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके चरित्र को अपने जीवन में आत्मसात करने का माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं समाज को संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती हैं। रामलीला जैसे आयोजन नई पीढ़ी को समृद्ध संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सुभाष बनखंडी श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अशोक थापा ने रामलीला मैदान में टिन शेड, फर्श एवं दीवार निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से सहयोग किए जाने पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से रामलीला आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।
कार्यक्रम में राम विशाल दास महाराज, पार्षद जितेंद्र पाल पाठी, पार्षद सिमरन उप्पल, महामंत्री योगेश कलरा, रणबीर पाल, रवि वर्मा, अनुज कुमार, सारिका त्यागी, काजल पाल, रोहिताश पाल, हरिराम अरोड़ा सहित रामलीला कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
