वेतन, ईपीएफ और मेडिकल सुविधाओं की ली जानकारी, कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के अधिकारियों को दिए निर्देश।
ऋषिकेश। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने एम्स ऋषिकेश पहुंचकर हाउसकीपिंग कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक कल्याण की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं का नियमित रूप से संज्ञान लेकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना दोपहर में एम्स ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने संस्थान के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के साथ उनके कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों में सुधार लाने और उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को नियमित रूप से सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना आवश्यक है। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरती जाए और उनकी शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद आयोग के अध्यक्ष ने सेवा प्रदाता कंपनी के माध्यम से एम्स में सेवाएं दे रहे हाउसकीपिंग कर्मचारियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी कार्य परिस्थितियों की जानकारी लेने के साथ कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वेतन भुगतान, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड के बारे में जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इससे पूर्व एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह, डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संस्थान पहुंचने पर आयोग के अध्यक्ष का स्वागत किया।
इस अवसर पर डीडीए लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. पुनीत धमीजा, डीएमएस डॉ. पूजा भदौरिया, डॉ. रवि कुमार, डॉ. ईशांत कुमार, डॉ. अजीत प्रियम, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. श्रीलोय मोहंती और एम.जे. सोलंकी कंपनी के स्थानीय प्रबंधक अखिलेश बैलवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
