देहरादून/सिवनी:- उत्तराखण्ड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन शनिवार को अपने गृह जनपद सिवनी (मध्य प्रदेश) पहुंचे। राज्यपाल बनने के बाद अपने गृह जनपद के पहले दौरे पर आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने सिवनीवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपनी जन्मभूमि और अपने लोगों के बीच पहुंचकर वे भावुक हैं। यहां की मिट्टी, बचपन की यादें और लोगों का अपनापन हमेशा उनके साथ रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि मध्य प्रदेश उनकी जन्मभूमि है और उत्तराखण्ड उनकी कर्मभूमि। उत्तराखण्ड के राज्यपाल के रूप में वे संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने शिक्षा, उच्च शिक्षा, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्रों में सकारात्मक प्रयासों को आगे बढ़ाने की बात कही।

युवाओं को संदेश देते हुए राज्यपाल ने कहा कि उन्हें बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और नए प्रयोगों के साथ अपने संस्कारों एवं अच्छे चरित्र को भी बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं, महिलाओं और किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। विकास का लाभ समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए किसानों की खुशहाली, महिलाओं को समान अवसर और सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है।

राज्यपाल ने सिवनीवासियों द्वारा किए गए स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस सम्मान को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि अपनी जन्मभूमि के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद मानते हैं। उन्होंने सभी से अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने तथा नई पीढ़ी को अच्छी शिक्षा एवं संस्कार देने की अपील की। साथ ही सिवनी की निरंतर प्रगति और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!