टिहरी में दर्दनाक सड़क हादसा, वाहन की टक्कर से वन दरोगा प्यार चंद रमोला की मौत, दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
टिहरी:- दीपावली के पावन पर्व के बीच टिहरी जनपद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मसूरी रोड पर मां सुरकंडा-कद्दूखाल से करीब तीन किलोमीटर आगे एक सड़क हादसे में वन दरोगा प्यार चंद रमोला की दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे ड्यूटी के दौरान गश्त से लौट रहे वन दरोगा प्यार चंद रमोला धनोल्टी से सकलाना की ओर स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक प्यार चंद रमोला चंबा क्षेत्र के सौड़ गांव के निवासी थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
घटना के बाद टिहरी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
