जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रा कंट्रोल रूम में कर्मचारियों के साथ मनाई दीपावली, दी शुभकामनाएं।
रुद्रप्रयाग:- जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने पावन पर्व दीपावली के अवसर पर यात्रा कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों के साथ दीपावली का पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं तथा सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा कंट्रोल रूम से श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं एवं आवश्यक सूचनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अग्निशमन व्यवस्था, आग से बचाव के लिए किए गए प्रबंधों तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारू एवं सुरक्षित बनी रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने यात्रा कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों के समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान भी जनसेवा में तत्पर रहना सराहनीय है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
