दीपावली पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रोका काफिला, सेना के जवानों से मिलकर दी शुभकामनाएं।

देहरादून:- मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के पावन अवसर पर गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों को देखकर अपना काफिला रुकवाया और उनसे आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जवानों का कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए हमारे वीर सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। सैनिकों के सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के अवसर पर जब पूरा देश अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब हमारे अनेक वीर जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। उनका त्याग, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने माँ भारती के वीर सपूतों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि सैनिकों का सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जवानों के सुखद, स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन की कामना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

 

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!