देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होटल ताज मसूरी, देहरादून में EEPC India द्वारा आयोजित 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों एवं निर्यातकों को सम्मानित किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि EEPC India भारतीय इंजीनियरिंग उद्योग की प्रतिभा, परिश्रम और उत्कृष्टता को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सम्मानित होने वाले उद्यमियों ने अपने नवाचार और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के माध्यम से ‘मेड इन इंडिया’ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं। प्रदेश में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई MSME इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे लगभग 1 लाख 27 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। सरकार ने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने के उद्देश्य से स्टार्टअप नीति के साथ 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में लगभग एक हजार एकड़ भूमि पर 1100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे प्रदेश में 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने और लगभग 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 विभागों की 206 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पिछले तीन वर्षों में लगभग 7 हजार परियोजनाओं को 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक के पूंजी निवेश के लिए स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से 5 लाख ग्रामीण परिवारों को जोड़ना है। यह ब्रांड अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुका है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखण्ड से होने वाला निर्यात वर्ष 2017-18 में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। वहीं, नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत से फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो और अगस्त 2027 में आयोजित होने वाले फार्मा मैक-टेक एक्सपो में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों और उद्यमियों के साथ सहयोगी के रूप में खड़ी है। उत्तराखण्ड में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर EEPC India के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज चड्डा, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित परिषद के पदाधिकारी, विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्यमी एवं निर्यातक मौजूद रहे।
