द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद, मद्महेश्वर धाम यात्रा का समापन।
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट आज 16 नवम्बर को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भगवान मद्महेश्वर के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मद्महेश्वर धाम यात्रा का समापन हो गया।
कपाट बंद होने के पश्चात भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवम्बर को डोली मद्महेश्वर धाम से गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। 17 नवम्बर को डोली गौण्डार से राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी। 18 नवम्बर को रांसी से प्रस्थान कर गिरिया गांव में रात्रि विश्राम करेगी।
इसके बाद 19 नवम्बर को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली गिरिया गांव से प्रस्थान कर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान का स्वागत एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।
शीतकाल के दौरान भगवान मद्महेश्वर की नियमित पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में संपन्न होगी। श्रद्धालु अब शीतकाल में यहीं पहुंचकर भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
