इगास पर्व को लेकर निवर्तमान मेयर अनिता ममगाईं ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, 20 नवंबर को होगा भव्य सांस्कृतिक आयोजन।
ऋषिकेश:- उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगामी 20 नवंबर 2026 को ऋषिकेश में भव्य इगास पर्व का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर निवर्तमान महापौर श्रीमती अनिता ममगाईं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इगास पर्व को विधानसभा क्षेत्र में बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की संयोजक अनिता ममगाईं ने समस्त क्षेत्रवासियों को इस सांस्कृतिक उत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
आयोजन में उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक एवं जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण अपनी शानदार संगीतमय जागर प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के पारंपरिक व्यंजनों, मेले, ढोल-दमाऊं और लोकसंस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम 20 नवंबर को शाम 4 बजे से आयोजित होगा। आयोजकों का उद्देश्य इगास पर्व के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर अनिता ममगाईं ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की।
