देहरादून:- आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में सुगम, सुलभ और समावेशी मतदान सुनिश्चित करने के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांग पेंशनधारक मतदाताओं की मैपिंग का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के कुल 11,754 दिव्यांग पेंशनधारक मतदाताओं की मैपिंग एवं सत्यापन का कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को दिव्यांग पेंशनधारकों की विधानसभा क्षेत्रवार सूची भेजते हुए संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के माध्यम से प्रत्येक दिव्यांग मतदाता की मैपिंग और सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि समाज कल्याण विभाग से पूर्व में दिव्यांग पेंशन प्राप्त कर रहे लाभार्थियों की सूची के आधार पर संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर अथवा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन किया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक दिव्यांग मतदाता की दिव्यांगता के प्रकार की जानकारी भी दर्ज की जाएगी, ताकि आगामी निर्वाचन में उनकी आवश्यकता के अनुसार मतदान संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने जनपद के सभी दिव्यांग पेंशनधारकों से अपील की है कि वे बीएलओ को अपनी दिव्यांगता के प्रकार एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए मैपिंग कार्य में पूरा सहयोग करें। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कोई भी दिव्यांग मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन दिव्यांगजनों एवं बुजुर्ग मतदाताओं की आवश्यकता के अनुसार विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके तहत व्हीलचेयर, डोली तथा घर से मतदान केंद्र तक लाने और मतदान के बाद सुरक्षित घर छोड़ने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करना और दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं के लिए मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक बनाना है।
