देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जनपदों के विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए कुल ₹17.75 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत धनराशि से सड़क निर्माण, मंदिरों एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, धर्मशालाओं का निर्माण, पेयजल सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के निकट धर्मशाला, कक्षों एवं शौचालयों के निर्माण तथा सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.77 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में ₹59.26 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। वहीं, देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड की ग्रामसभा बड़ोला के उरमण तोक स्थित बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए ₹36.19 लाख तथा डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए ₹39.94 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।

जनपद पिथौरागढ़ के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में ग्राम गटघोरगाड़ी नौलिंग मेला स्थल के निर्माण के लिए ₹79.49 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसकी प्रथम किस्त के रूप में ₹47.69 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। इसके अतिरिक्त मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी पुल से ग्रामसभा राप्ती तक पैदल अश्व मार्ग निर्माण के लिए ₹29.84 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया एवं सुरक्षात्मक कार्यों के लिए ₹93.64 लाख की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में ₹56.18 लाख जारी किए जाएंगे।

जनपद चम्पावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत ठांटा स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा एवं ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए ₹97.10 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में ₹58.26 लाख जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। इसके साथ ही चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹81.96 लाख के सापेक्ष ₹25 लाख तथा टनकपुर एवं बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए ₹6.14 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। चालू वित्तीय वर्ष में इस कार्य के लिए ₹5 करोड़ की धनराशि जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

हरिद्वार जनपद के झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए ₹99.44 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में ₹59.66 लाख जारी किए जाएंगे। वहीं, भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए ₹100.43 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इसके अतिरिक्त ऊधमसिंह नगर जनपद के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए ₹184.37 लाख तथा चम्पावत जनपद के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए ₹220 लाख की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया गया है।

मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण और पेयजल सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!