लखनऊ/देहरादून:- उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के मध्य लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान, पूर्व में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन तथा सिंचाई विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का विषय भी रखा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन कार्यों का स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सिंचाई सुविधाओं से सीधा संबंध है। इनके शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों और किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इन कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी चर्चा हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में बनी सहमति के अनुरूप शेष प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करने और लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद एवं निरंतर समन्वय से परिसंपत्ति बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष लंबित विषयों का भी आपसी सहमति से शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्ति संबंधी मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।
