इगास महोत्सव में लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी के गीतों पर झूमे लोग, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने किया प्रतिभाग।
ऋषिकेश:-ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के छिद्दरवाला में ओम स्टार परिवार की ओर से आयोजित उत्तराखंड के लोकपर्व इगास महोत्सव में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
महोत्सव में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने अपनी शानदार लोकगीत प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनके गीतों पर उपस्थित लोग जमकर झूमे और नृत्य करते नजर आए। कार्यक्रम के समापन पर पारंपरिक भैलो नृत्य के साथ सभी ने इगास पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि इगास कोई चुनावी कार्यक्रम नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को संजोने का पर्व है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान भी उन्होंने इस परंपरा को जारी रखा।
उन्होंने सिलक्यारा टनल हादसे का स्मरण करते हुए बताया कि उस समय वह उत्तरकाशी जिले के प्रभारी मंत्री थे। हादसे के दौरान व्यस्त परिस्थितियों के बावजूद वह रातों-रात ऋषिकेश पहुंचे थे, ताकि इगास पर्व की परंपरा और उत्साह में शामिल हो सकें।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इगास हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और पूर्वजों की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। हमें अपनी लोक परंपराओं को पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाना चाहिए।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, विदुषी निशंक, ओम स्टार परिवार के संस्थापक सोबन सिंह कैंतूरा, संरक्षक महावीर कैंतुरा, देवेंद्र सिंह नेगी, समा पवार, अनीता राणा, सुशीला नेगी, रवि पोखरियाल, मोहन सिंह रावत, राजेंद्र बगियाल, प्रवीण बिष्ट, अध्यक्ष गौरव जेठूड़ी, उपाध्यक्ष भीम नेगी, कोषाध्यक्ष प्रताप रावत, महासचिव उत्तम भंडारी, सचिव हरदीप भंडारी, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
