रायवाला से हरिपुर कला तक बिजली आपूर्ति होगी मजबूत, 1.50 करोड़ की लागत से कवर्ड कंडक्टर एवं 33 केवी लाइन का लोकार्पण। 

ऋषिकेश/रायवाला:- ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रायवाला विद्युत सब स्टेशन में 1.50 करोड़ रुपये की लागत से रायवाला से हरिपुर कला तक स्थापित कवर्ड कंडक्टर एवं 33 केवी विद्युत लाइन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस विद्युत परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। विशेषकर बरसात और आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। रायवाला से हरिपुर कला तक वैकल्पिक विद्युत आपूर्ति का मार्ग उपलब्ध होने से बिजली व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।

प्रतीत नगर के ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने बताया कि बरसात के दौरान आईडीपीएल से जंगल के रास्ते रायवाला तक आने वाली विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने अथवा नदी के तेज बहाव से लाइन क्षतिग्रस्त हो जाती थी। इसके चलते रायवाला, प्रतीत नगर, गौहरी माफी और खांड गांव सहित चार ग्राम सभाओं के हजारों लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ता था। नई विद्युत लाइन के जुड़ने से आपातकालीन परिस्थितियों में भी बिजली आपूर्ति बनाए रखने में मदद मिलेगी।

वहीं, रायवाला ग्राम प्रधान सागर गिरी ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयासरत हैं। विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है।

कार्यक्रम में विद्युत विभाग की कनिष्ठ अभियंता नीतू सिंह, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, गौहरी माफी ग्राम प्रधान ज्योति सेमवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अंकित खंकरियाल सहित राजेंद्र तिवारी, राहुल अग्रवाल, सुषमा नाकोटी, शिवानी बिष्ट, मनोज डंगवाल, कमल सिंह नेगी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शुभम मनराल, अजय साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!