उत्तराखंड में 8,279 करोड़ की विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, सीएम धामी ने अधिकारियों को दिए एक माह में धरातल पर काम दिखाने के निर्देश।

देहरादून:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) की पांचवीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित राज्य की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और जिन परियोजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर काम प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं का कार्य धरातल पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को स्थानीय संस्कृति, धार्मिक महत्व, प्राकृतिक विरासत और क्षेत्रीय पहचान को ध्यान में रखकर विकसित किया जाए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकें।

बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें लगभग 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। हर की पैड़ी, सुभाष घाट, रोड़ी बेलवाला, प्रशासनिक मार्ग तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों के विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

वहीं, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। त्रिवेणी घाट का विकास, आस्था पथ का सौंदर्यीकरण, चंद्रभागा पैदल पुल और जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का निर्माण प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं। इसके साथ ही शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। शारदा घाट का पुनर्विकास, पारिस्थितिक कॉरिडोर और शहरी जल निकासी योजना के कार्य प्रगति पर हैं। वहीं टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

बैठक में जानकारी दी गई कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं से 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष तथा 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।

इसके अलावा श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र (स्पिरिचुअल इकोनॉमिक जोन) विकसित करने की योजना की भी समीक्षा की गई। बैठक में साहसिक पर्यटन के सुरक्षित विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!