अजय गणपति IPS ने संभाली SDRF उत्तराखण्ड के 11वें सेनानायक की कमान, आपदा प्रबंधन और रेस्क्यू तैयारियों को मजबूत करने पर दिया जोर।
देहरादून:- उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को नया सेनानायक मिल गया है। 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी श्री अजय गणपति ने 27 नवंबर 2026 को SDRF उत्तराखण्ड वाहिनी के 11वें सेनानायक के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह जनपद ऊधमसिंहनगर में तैनात थे।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद सेनानायक अजय गणपति ने वाहिनी मुख्यालय में विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण गतिविधियों, कार्यप्रणाली और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्च स्तरीय अनुशासन बनाए रखने और पूरी कर्तव्यनिष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी पोस्टों पर पर्याप्त जनशक्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रेस्क्यू उपकरणों एवं वाहनों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने और किसी भी आपदा या आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने पर विशेष जोर दिया।
इसके अतिरिक्त सेनानायक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से SDRF की सभी पोस्टों पर तैनात अधिकारियों एवं जवानों के साथ संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जवान अपनी और अपनी टीम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
उन्होंने जवानों को नियमित शारीरिक व्यायाम एवं अभ्यास के माध्यम से फिटनेस बनाए रखने, नशे से पूरी तरह दूर रहने और प्रत्येक पोस्ट पर अनुशासन एवं मर्यादा कायम रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही वाहनों के उचित रखरखाव और सभी संसाधनों को परिचालन योग्य बनाए रखने पर बल दिया।
बैठक के दौरान सेनानायक ने विभिन्न पोस्टों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और कार्यस्थल पर आ रही कठिनाइयों की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अजय गणपति ने SDRF उत्तराखण्ड की कार्यक्षमता और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि SDRF उत्तराखण्ड देश की सर्वश्रेष्ठ SDRF इकाइयों में से एक है। इस प्रतिष्ठित बल का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व और उत्साह का विषय है। उन्होंने कहा कि वाहिनी की गौरवशाली पहचान एवं प्रतिष्ठा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भविष्य में बल की कार्यक्षमता, दक्षता और व्यावसायिक उत्कृष्टता को और मजबूत कर इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व श्री अर्पण यदुवंशी, IPS ने लगभग दो वर्ष से अधिक समय तक SDRF उत्तराखण्ड का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में बल ने विभिन्न आपदाओं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस, समर्पण एवं कार्यकुशलता का परिचय देते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
