ऋषिकेश में योग एलायंस ग्रुप की पहल: 14 दिसंबर से स्वच्छता अभियान, योग की गुणवत्ता सुधारने की भी उठाई मांग।

ऋषिकेश/तपोवन:- ऋषिकेश में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और योग की गरिमा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऋषिकेश योग एलायंस ग्रुप ने व्यापक अभियान शुरू करने की तैयारी की है। ग्रुप की ओर से आगामी 14 दिसंबर को तपोवन, रामझूला, परमार्थ निकेतन सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को प्लास्टिक की थैलियों का प्रयोग बंद करने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की जाएगी। अभियान के माध्यम से तपोवन स्थित एक योग संस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रुप के संरक्षक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों में योग के व्यवस्थित विकास के लिए सरकार को एक स्पष्ट नियमावली तैयार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योग के नाम पर फैल रही भ्रामकता के स्थान पर वास्तविक योग परंपरा और उसके दिव्य स्वरूप को सामने लाने की आवश्यकता है। ग्रुप का प्रयास रहेगा कि योग की मूल भावना और प्रामाणिकता बनी रहे।

उन्होंने बताया कि इस दिशा में नगर क्षेत्र के वरिष्ठ योगाचार्यों, सरकार और गढ़वाल मंडल विकास निगम सहित संबंधित संस्थाओं से संपर्क कर बेहतर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

योगाचार्य विपिन बलूनी ने कहा कि वर्तमान समय में योग के क्षेत्र में कई खामियां सामने आ रही हैं, जिनका समाधान जरूरी है। योग्य एवं अनुभवी योगाचार्यों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से ग्रुप जल्द ही ठोस पहल शुरू करेगा, जिसकी शुरुआत 14 दिसंबर को स्वच्छता अभियान से की जाएगी। उन्होंने बताया कि योग जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां भी इस अभियान का हिस्सा बनेंगी।

बलूनी ने कहा कि इस संबंध में गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक को भी सुझाव दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। अब ग्रुप का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश सरकार से मुलाकात कर योग के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करेगा। उन्होंने कहा कि नगर में योग का संचालन यम और नियमों के सिद्धांतों के अनुरूप होना जरूरी है।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि देर से ही सही, लेकिन योग से जुड़े लोग अब एक मंच पर आए हैं। सामूहिक प्रयासों से ऋषिकेश में योग को नई दिशा और पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में डॉ. महेश भट्ट, वीरेंद्र, उपेंद्र सिलस्वाल, दिनेश शास्त्री, संदीप भट्ट, मोहन बडोनी, जगजोत, प्रमोद, सचिन बडोनी, धीरेंद्र शर्मा, अमित देशवाल, प्रमोद साहू सहित योग क्षेत्र से जुड़े कई योगाचार्य मौजूद रहे।

स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता की इस पहल के माध्यम से ग्रुप का लक्ष्य ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन एवं स्वर्गाश्रम-जौंक क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

 

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!