कर्णप्रयाग। प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या सोमवार को जनपद चमोली के कर्णप्रयाग स्थित ब्लॉक सभागार पहुंचीं। जनपद आगमन पर कैबिनेट मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई।

इसके बाद मंत्री रेखा आर्या ने ‘सेवा सप्ताह’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि जनपद चमोली में कुल 1,078 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं और ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम जिले के सभी 9 ब्लॉकों के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को विभिन्न केंद्र एवं राज्य पोषित योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया जाएगा।

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं पहले से ही पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभागीय स्तर पर समुचित तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में ‘पोषण माह’ भी मनाया जा रहा है। ऐसे में आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की पोषण और बाल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “आंगनबाड़ी बहनें केवल विभाग की कार्यकत्रियां नहीं, बल्कि विभाग की मजबूत रीढ़ हैं। वे विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं।”

सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने नगर पालिका कर्णप्रयाग में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में कूड़ा उठान एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने नियमित कूड़ा उठान के साथ आमजन से भी स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, नगर उपाध्यक्ष राकेश खंडूरी, जिला महामंत्री विनोद कनवासी, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवि गर्ग, चंद्रभान सिंह जीना, अभिजीत कुमार, बीडीओ पवन कंडारी सहित विभागीय अधिकारी, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!