मुनिकी रेती नगर पालिका में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अंकित जोशी का तबादला; बद्री प्रसाद भट्ट बने नए अधिशासी अधिकारी।

ऋषिकेश/मुनिकीरेती:- मुनिकी रेती नगर पालिका परिषद में लंबे समय से प्रतीक्षित प्रशासनिक फेरबदल आखिरकार हो गया है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी अंकिता जोशी का स्थानांतरण कर दिया गया है, जबकि बद्री प्रसाद भट्ट को नया अधिशासी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं सभी सभासद लंबे समय से अधिशासी अधिकारी के स्थानांतरण की मांग कर रहे थे। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी सहित शासन स्तर के अधिकारियों को कई बार ज्ञापन भी सौंपे थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का कहना था कि पिछले कुछ समय से नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्य अपेक्षित गति से नहीं हो पा रहे थे।

नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट इससे पहले भी मुनिकी रेती नगर पालिका परिषद में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके पूर्व कार्यकाल के दौरान नगर पालिका को राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मान भी प्राप्त हुआ था। उनकी कार्यशैली को तेज, प्रभावी और परिणामोन्मुख माना जाता है।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कि नए अधिशासी अधिकारी के कार्यभार संभालने से लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और श्री भट्ट के अनुभव का लाभ क्षेत्र के विकास में मिलेगा।

स्थानीय लोगों ने भी नए अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सड़क, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी और नगर पालिका क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

By Janswar

You missed

error: Content is protected !!