बदरीनाथ धाम चढ़ावा प्रकरण की होगी जांच, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई: बीकेटीसी। WWW.JANSWAR.COM

सोशल मीडिया पर वायरल आरोपों का बीकेटीसी ने लिया संज्ञान, जांच समिति गठित करने के आदेश।

देहरादून/श्री बदरीनाथ धाम:-श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने बदरीनाथ धाम में चढ़ावे और दान में कथित हेराफेरी से जुड़े सोशल मीडिया पर वायरल आरोपों का गंभीर संज्ञान लिया है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मामले की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच के लिए जांच समिति गठित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर जिस कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं बल्कि मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है, जो पूर्व में भी समिति के अन्य अध्यक्षों के साथ वैयक्तिक सहायक के रूप में कार्य कर चुका है।

मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि वायरल शिकायत के बाद बदरीनाथ मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई। हालांकि फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और विस्तृत जांच के लिए आंतरिक जांच समिति गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि जांच समिति सभी उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो बीकेटीसी अधिनियम 1939 और कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत दोषियों के खिलाफ विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बीकेटीसी ने श्रद्धालुओं और आमजन से अपील की है कि तथ्यों की पुष्टि होने से पहले किसी भी प्रकार के अपुष्ट या भ्रामक आरोपों के प्रसार से बचें तथा श्री बदरीनाथ धाम की गरिमा और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखें।